परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ खुर्द गांव के ग्रामीण इलाके में सोमवार को एक युवक का शव बल्ली के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर से करीब 500 मीटर दूर मिला शव
मृतक की पहचान मनिहरा ग्राम पंचायत के अम्मापर गांव निवासी धरमू राजभर के पुत्र कमलेश राजभर (35) के रूप में हुई है। कमलेश दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर सरेहुआ खुर्द के सुनसान ग्रामीण क्षेत्र में बल्ली के सहारे गमछे से लटका मिला।
घटनास्थल की परिस्थितियों ने बढ़ाई जांच की जरूरत
ग्रामीणों के अनुसार जिस बल्ली के सहारे शव मिला, उसी के सहारे गांव के लोगों ने बिजली की लाइन भी खींच रखी है। घटनास्थल पर कमलेश के पैर जमीन से छू रहे थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि कमलेश का रात में अपने बड़े भाई से विवाद हुआ था। मामले की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
कमलेश की शादी सलेमपुर गांव निवासी सुमन राजभर से हुई थी। उनकी दो बेटियां गुंजन और रोली हैं। पिता धरमू राजभर का पहले ही निधन हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


