ऑनलाइन आवेदन शुरू, पात्र लाभार्थी जल्द करें आवेदन; ₹7,500 ऋण और ₹2,500 अनुदान के रूप में मिलेगी सहायता
परिवर्तन टुडे न्यूज
चन्दौली। जनपद के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा “उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन पुनर्वासन हेतु दुकान निर्माण/दुकान संचालन योजना” संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को खोखा, गुमटी अथवा हाथ ठेला खरीदने के लिए ₹10,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि स्वीकृत धनराशि में ₹7,500 चार प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज दर पर ऋण के रूप में तथा ₹2,500 अनुदान (सब्सिडी) के रूप में प्रदान किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र दिव्यांगजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, बिछियांकला, चन्दौली में जमा करना अनिवार्य होगा।
प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक व पात्र दिव्यांगजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल http://divyangjandukan.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो
आयु प्रमाण-पत्र
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र
आय प्रमाण-पत्र
जाति प्रमाण-पत्र
निवास प्रमाण-पत्र
आधार कार्ड की छायाप्रति
बैंक पासबुक की छायाप्रति
विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।



