रामकथा के श्रवण मात्र से दूर होती हैं मनुष्य की बुराइयां : नीरजानन्द शास्त्री
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। विकासखंड क्षेत्र के सहरोई गांव में श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नवयुवक मंगल दल सहरोई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय रामकथा का रविवार को श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन कथावाचक पंडित नीरजानन्द शास्त्री ने भगवान श्रीराम की कृपा, भक्त हनुमान की भक्ति और सुग्रीव-विभीषण के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
निष्कपट भक्ति से प्रसन्न होते हैं प्रभु
कथावाचक नीरजानन्द शास्त्री ने कहा कि नारायण की कृपा कब और किस पर हो जाए, यह केवल वही जानते हैं। जिस प्रकार भगवान श्रीराम की असीम कृपा हनुमान, सुग्रीव और विभीषण पर हुई, उसी प्रकार निष्कपट भाव से जीवन व्यतीत करने वाले भक्तों पर भी प्रभु की कृपा बरसती है। भगवान ने सुग्रीव और विभीषण को राजपाट प्रदान किया, वहीं अपने परम भक्त हनुमान को अमरता, अविनाशित्व और असीम सिद्धियों का वरदान दिया। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति में किसी प्रकार का छल-कपट नहीं होता। निर्मल मन और समर्पित भाव से की गई आराधना मनुष्य को प्रभु के निकट ले जाती है।
राम स्मरण से दूर होती हैं जीवन की बुराइयां
आज के सामाजिक परिवेश पर चिंता व्यक्त करते हुए शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में समाज क्रोध, लोभ और अहंकार के प्रभाव में जी रहा है। पारिवारिक रिश्तों में भी आपसी प्रेम और विश्वास की कमी दिखाई दे रही है। कहीं भाई-भाई का नहीं हो रहा है तो कहीं पति-पत्नी और माता-पिता तथा संतान के बीच संबंधों में दूरियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का स्मरण और उनके आदर्शों का अनुसरण करने मात्र से मनुष्य के भीतर व्याप्त बुराइयां धीरे-धीरे समाप्त होने लगती हैं। रामचरितमानस का संदेश मानव जीवन को प्रेम, त्याग, मर्यादा और सदाचार की राह दिखाता है।
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
सात दिवसीय रामकथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग, युवा और बच्चों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान राहुल मिश्रा, मंच संचालक महानंद मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार मिश्रा, वृक्ष बंधु डॉ. परशुराम सिंह, पूर्व प्रधान अशोक मिश्रा, समाजसेवी राजकुमार यादव, अमित मिश्रा, संजय सिंह मास्टर, सुशांत मिश्रा, रोहित, विराट, आकाश, सूरज मिश्रा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।





