परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
Story By- नीरज अग्रहरि
कमालपुर। विकास खंड क्षेत्र के अमड़ा गांव में श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में रामलीला की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी के वर्ष 1947 से गांव में रामलीला मंचन की परंपरा निरंतर चली आ रही है। इसकी शुरुआत संस्थापक स्वर्गीय कृष्ण पाठक एवं स्वर्गीय भगवती सिंह ने की थी। आठ दशक से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी गांव की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान बनी हुई है।

आजादी के वर्ष हुई थी शुरुआत
वर्ष 1947 में कृष्ण पाठक एवं भगवती सिंह ने श्रीरामलीला समिति अमड़ा की स्थापना कर गांव में रामलीला मंचन की शुरुआत की थी। तब से लेकर आज तक प्रत्येक वर्ष रामलीला का आयोजन निरंतर होता आ रहा है। रामलीला के माध्यम से ग्रामीणों को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों की गाथाओं और उनके योगदान को भी स्मरण किया जाता है।
तीन दिनों तक होगा विभिन्न लीलाओं का मंचन
समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 9 नवंबर सोमवार को प्रथम दिन धनुष यज्ञ रामलीला का मंचन होगा। 10 नवंबर मंगलवार को प्रतिशोध तथा 11 नवंबर बुधवार को आपका बंटी नाटक का मंचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 12 नवंबर गुरुवार को सिंदूर सहित अन्य लीलाओं का मंचन होगा।
दर्शकों से पहुंचने की अपील
श्रीरामलीला समिति के व्यास एवं निर्देशक बलराम पाठक, डॉ. समर बहादुर सिंह, शिवानंद सिंह और शिवकांत सिंह ने बताया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में लीला स्थल पर पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का दर्शन करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।





