परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
चहनिया। लक्ष्मणगढ़ गांव स्थित श्री लच्छू ब्रह्म बाबा धाम में दो दिवसीय वार्षिक शृंगार एवं कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के तहत 9 नवंबर सोमवार को बाबा का भव्य वार्षिक शृंगार हुआ। वहीं 10 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विराट कुश्ती दंगल का आयोजन होगा।

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा आयोजन
आयोजन के दूसरे दिन 10 नवंबर को बाबा का जलाभिषेक, हवन-पूजन एवं कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद अपराह्न एक बजे से विराट कुश्ती दंगल का शुभारंभ होगा। दंगल में चंदौली सहित आसपास के जनपदों तथा दूर-दराज के क्षेत्रों से नामी-गिरामी पहलवान अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे।
दूर-दराज से पहुंचेंगे पहलवान
आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कुश्ती प्रेमियों को दंगल में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम के संरक्षक संजय सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए क्षेत्रीय लोगों से धार्मिक आयोजन एवं कुश्ती दंगल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।





