परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव सभा के समीप बुधवार को राज्य राजमार्ग पर स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव निवासी चिरामन बनवासी (25) और शमशेर बनवासी (24) पलिया स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। दोनों किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर मजीदहा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मजदूर लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। सूचना पर प्रधानपति अतुल सिंह प्रिंस मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
चालक समेत चार लोग पुलिस हिरासत में
बताया जा रहा है कि कार चालक धानापुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने कार चालक सहित वाहन में सवार तीन अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।





