परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। मीडिया ट्रस्ट ऑफ इंडिया की मासिक बैठक मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित एक इंटर कॉलेज में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, पत्रकार हित, सामाजिक सरोकारों और निष्पक्ष पत्रकारिता के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि वृक्ष बंधु डॉ. परशुराम सिंह ने कहा कि आज जब समाज अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब पत्रकारों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सदस्य निःस्वार्थ भाव से जनहित के मुद्दों को उठाकर समाज में जागरूकता का कार्य कर रहे हैं। ऐसी संस्थाएं लोकतंत्र को मजबूती देने के साथ-साथ गरीब, शोषित और वंचित वर्ग की आवाज बनने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि समाज सेवा का सशक्त माध्यम है।

विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है। उसकी कलम में परिवर्तन की शक्ति होती है और वही समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करती है।
संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करती है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संगठन के सचिव के.सी. श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्यों की एकजुटता में होती है। नई कार्यकारिणी पत्रकारों और समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप करेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी निष्पक्ष और जनपक्षीय लेखनी से समाज में विश्वास और सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण तैयार करें।
बैठक में जिला महामंत्री मिथलेश गुप्ता, शिव प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, रामयश चौबे, चकिया तहसील अध्यक्ष विनय राय, डॉ. अनिल उपाध्याय, डॉ. अभिषेक उपाध्याय, सुधांशु जायसवाल, अजय उर्फ शिवजी, अजय कुमार मिश्रा, संजना सिंह, राजकमल प्रजापति, विनय पाण्डेय राहुल, विनोद कुमार श्रीवास्तव, अंजनी नंदन पाण्डेय, विनोद मिश्रा, महेन्द्र, सवरू, चन्द्रशेखर, राहुल मिश्रा, तहसील अध्यक्ष अविनाश तिवारी नौगढ़, मुख्तार शेख सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा द्वारा सभी पत्रकारों को संगठन का परिचय पत्र वितरित किया गया।



