परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक पर्व भाई दूज क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं दीर्घायु की कामना की। सकलडीहा कस्बे सहित चतुर्भुजपुर, भोजापुर, नागेपुर, धरहरा, कम्हारी, बरठी, बथावर समेत आसपास के विभिन्न गांवों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। पर्व को लेकर महिलाओं और बहनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
पौराणिक मान्यता के अनुसार, मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन यमुना के बार-बार निमंत्रण देने पर कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को उनके घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया, माथे पर तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के स्नेह और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि जो बहन इस दिन अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी आयु की कामना करेगी, उसके भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है।
श्रीकृष्ण से भी जुड़ी है भाई दूज की कथा
मंदिर के पुजारी रामजनम चौबे और आशीष चौबे ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण नरकासुर का वध करने के बाद अपनी बहन के पास पहुंचे थे। इस दौरान बहन ने उनके माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की थी। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों के माथे पर चंदन, रोली और अक्षत का तिलक लगाने की परंपरा प्रचलित है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हैं।





