परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के दौरान भी सकलडीहा कस्बे की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कस्बे के टिमिलपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, तेंदुईपुर स्थित काली मंदिर और नागेपुर स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास गंदगी जमा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद संबंधित विभाग नियमित सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि सुबह-शाम नियमित सफाई नहीं कराई गई तो व्यापारी आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
सकलडीहा, टिमिलपुर, नागेपुर और तेंदुईपुर में प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर माता रानी की झांकियां सजाई जाती हैं। नौ दिनों तक मंदिरों में भजन-कीर्तन और दर्शन-पूजन का क्रम चलता है। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद मंदिरों के आसपास और संपर्क मार्गों पर गंदगी दिखाई देने से लोगों को असुविधा हो रही है।
गंदगी के बीच खरीदारी करने को मजबूर लोग
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि समय से सफाई नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं के साथ दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। माता रानी के पूजन के लिए माला-फूल, फल और चुनरी खरीदने आने वाले लोगों को गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। व्यापारियों ने नवरात्र के दौरान प्रमुख स्थानों पर कूड़ेदान रखने और नियमित रूप से साफ-सफाई कराने की मांग की है।
व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी
व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी सहित दिलीप गुप्ता, अभिषेक राजभर, चंदन जायसवाल और महेंद्र यादव ने संबंधित विभाग से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
इस बाबत एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि साफ सफाई का कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। शिकायत मिलने पर संबधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी।


