रिश्तेदार के बेटे के साथ विजय दशमी पोखरे पर गया था किशन, नहाते समय गहरे पानी में डूबा
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
Story By- राहुल गिरी
धानापुर। कस्बे के विजय दशमी पोखरे में डूबने से दस वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक अपने एक रिश्तेदार के बेटे के साथ पोखरा घूमने गया था। वहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पोखरे की मरम्मत का काम कर रहे मजदूरों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नहाते समय गहरे पानी में पहुंचा किशन
मृतक की पहचान धानापुर बस्ती निवासी शिवबचन के दस वर्षीय पुत्र किशन के रूप में हुई है। बताया गया कि किशन अपने रिश्तेदार के बेटे के साथ विजय दशमी पोखरे पर घूमने गया था। इसी दौरान नहाते समय वह पोखरे के गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। बच्चे को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मजदूरों ने पानी से निकाला, अस्पताल में मृत घोषित
पोखरे में मरम्मत का कार्य कर रहे मजदूरों को बालक के डूबने की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और कुछ देर बाद उसे पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से किशन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
किशन की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि शिवबचन के दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।


