युवाओं को विभिन्न कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर, पीजी कॉलेज में आयोजन की तैयारी शुरू
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 20 से 30 नवंबर के बीच सकलडीहा पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन कराया जाएगा। युवाओं और छात्रों की मांग पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों को रोजगार मेला आयोजित कराने का निर्देश दिया है। मेले में विभिन्न कंपनियों के माध्यम से युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
हजारों युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तरीय रोजगार मेले के आयोजन के लिए स्थान और समय निर्धारित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। इस रोजगार मेले के माध्यम से जिले के हजारों युवाओं को विभिन्न कंपनियों में चयनित कर रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
अधूरी सड़क और नाली निर्माण का उठा मुद्दा
इस दौरान ग्रामीणों ने राजमार्ग निर्माण के दौरान विभिन्न स्थानों पर अधूरी छोड़ी गई सड़कों, नालियों तथा प्रकाश व्यवस्था शुरू नहीं होने की समस्याओं को लेकर मंत्री को पत्रक सौंपा। ग्रामीणों ने इन समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी से वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
लोगों की समस्याएं सुनकर दिया समाधान का भरोसा
इसके बाद मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों और गांवों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं का निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर जिला सेवायोजन अधिकारी ओमजी गुप्ता, डॉ. श्यामलाल यादव, विजय पांडेय, गोपाल राजभर, रतेन्द्र राजभर, आनन्द, तौफिक अहमद, मुन्ना, अभिषेक राजभर, मुरली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





