परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
Story By- राहुल गिरी
धानापुर। थाना क्षेत्र के विजयदशमी पोखरा पर गुरुवार शाम छठ पूजा की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। लाइट और पोस्टर लगाने का कार्य करते समय हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री कार्तिक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पोस्टर लगाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार विजयदशमी पोखरा पर डाला छठ पर्व की तैयारियों को लेकर विद्युत सजावट और पोस्टर लगाने का कार्य कराया जा रहा था। इसके लिए वाराणसी से कारीगर बुलाए गए थे। गुरुवार शाम पोस्टर लगाने के दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से कार्तिक गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया।
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कार्तिक वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। महज 18 वर्ष की आयु में उसकी मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली का करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद छठ पूजा की तैयारियों में जुटे लोगों में भी शोक व्याप्त है।





