अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, अधूरे निर्माण कार्य, पेयजल, बिजली और छठ पूजा की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
परिवर्तन टुडे न्यूज,चन्दौली। जनपद के विभिन्न गांवों की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बिजली और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने की मांग
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जिलाधिकारी को बताया कि सकलडीहा में राजमार्ग निर्माण के दौरान मंदिर और भवन से संबंधित कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग को इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम सभा तेंदुई, टिमिलपुर और नागेपुर में राजमार्ग निर्माण के दौरान हटाए गए हैंडपंपों को दोबारा लगवाने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।
छठ पूजा पर सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
आगामी डाला छठ पर्व को देखते हुए मंत्री ने सकलडीहा सहित जनपद के विभिन्न सरोवरों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। इसके अलावा सकलडीहा क्षेत्र में राजमार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने का निर्देश दिया।
रोजगार मेले और महाविद्यालय की समस्याओं पर चर्चा
बैठक के दौरान सकलडीहा पीजी कॉलेज में आगामी दिनों आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने महाविद्यालय से जुड़ी बिजली बिल की समस्याओं को जिलाधिकारी के सामने रखते हुए उनके समाधान की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को माला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, सहायक अभियंता सियाराम यादव, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आलोक सिंह, शिवमंगल बियार, मिश्री राजभर, रतेन्द्र राजभर, अतुल सिंह, विकास राय, रामप्यारे, टुनटुन राजभर, कैलाश, मुरली, अक्षय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





