राजस्व टीम ने दी तात्कालिक सहायता राशि
परिवर्तन टुडे
चंदौली। चकिया तहसील एवं थाना क्षेत्र के अंतर्गत धनावल गांव में शनिवार (13 जून) को प्रकृति का भयंकर कहर देखने को मिला। दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला और एक मासूम बालिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर जुट गई।
धनावल गांव निवासी रूबी (35 वर्ष) पत्नी राजकुमार और पड़ोस की रहने वाली बालिका लक्ष्मी (12 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
उप जिलाधिकारी चकिया ने बताया कि “यह बेहद दुखद घटना है। आपदा की इस घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। शासन के निर्देशानुसार हर संभव मदद जल्द से जल्द पूरी की जाएगी।”
मौके पर दी गई आपदा सहायता राशि
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी और संबंधित राजस्व अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को तात्कालिक दैवीय आपदा सहायता राशि 24 घंटे के भीतर प्रदान दी जाएगी।




