परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ताजपुर पेट्रोल पंप के समीप एक अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार ताजपुर गांव निवासी जोगिंदर मौर्य का 22 वर्षीय पुत्र दीपक मौर्य सकलडीहा कस्बा के तेंदूईपुर गांव में इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री का कार्य करता था। रविवार देर रात वह ताजपुर पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सकलडीहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के पिता जोगिंदर मौर्य, माता चंदा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने भी शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बलुआ घाट पर युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस संबंध में सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि घटना की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई है और न ही परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।



