परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनपद के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित मानसरोवर तालाब और दामोदरदास पोखरा सहित प्रमुख घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

घाटों पर मूलभूत सुविधाएं पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने घाटों की नियमित साफ-सफाई कराने, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और संक्रमण से बचाव के लिए पानी तथा घाटों के किनारों पर चूने का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो दल को सक्रिय किया गया है। वहीं अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो लगातार निगरानी करेंगे।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि चार दिवसीय महापर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के अधिशासी अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





