परिवर्तन टुडे न्यूज चंदौली, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और अखंडता के प्रति संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सादर आमंत्रित कर अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सेनानियों के परिजनों से आत्मीयता के साथ कुशल-क्षेम जाना तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज और प्रशासन के लिए गौरव की बात है।
वीरों के बलिदान से मिली स्वतंत्रता
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन अनगिनत वीर सपूतों, अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह उन्हीं वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके परिवारों का योगदान सदैव स्मरणीय और वंदनीय रहेगा।
ईमानदारी से दायित्व निभाना ही वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एक नागरिक और प्रशासक के रूप में हमारा दायित्व है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करें। वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस समृद्ध, सुरक्षित, समान और भेदभावमुक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले क्रांतिकारियों तथा भारत माता की सीमाओं पर दिन-रात मुस्तैद रहकर देश की सुरक्षा करने वाले वीर जवानों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए।
शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पंचायत चंदौली परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।













