परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक किसान दिवस में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने धान रोपाई के वर्तमान सीजन को देखते हुए अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग को नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाने, विद्युत विभाग को कृषि फीडरों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने तथा कृषि विभाग को समितियों और निजी दुकानों पर खाद की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में किसानों ने नहरों में पानी की कमी, लो-वोल्टेज, खाद उपलब्धता, गंदे नालों की सफाई, भूमि अधिग्रहण और राजस्व संबंधी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने, सिंचाई विभाग में कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर अगली किसान दिवस बैठक में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि खरीफ सीजन के लिए जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा शीघ्र ही अतिरिक्त यूरिया और डीएपी की खेप भी पहुंच जाएगी। उन्होंने किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल अधिकृत बिक्री केंद्रों से निर्धारित दर पर उर्वरक खरीदने और किसी भी अनियमितता की सूचना कृषि विभाग को देने की अपील की।



