परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में वृद्धि की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल करने की घोषणा की गई। लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि से राशन कोटेदारों में खुशी का माहौल है।

सैयदराजा में हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम
इसी क्रम में चंदौली जनपद की सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्वायल पैलेस लॉन में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की प्रतिनिधि के रूप में किरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख, सैयदराजा नगर पंचायत चेयरमैन सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।
बड़ी स्क्रीन पर देखा गया मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सैयदराजा के ग्वायल पैलेस में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
लाभांश में वृद्धि की घोषणा होते ही मौजूद कोटेदारों ने करतल ध्वनि के साथ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि से मिलेगा आर्थिक संबल
लाभांश में प्रति क्विंटल ₹35 की वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को उनके कार्य का बेहतर पारिश्रमिक मिलेगा। इससे राशन वितरण व्यवस्था में कार्यरत कोटेदारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही वे और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे सकेंगे।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में ई-पॉस मशीनों के प्रयोग से पारदर्शिता को काफी मजबूती मिली है। पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की सुगम, निष्पक्ष और समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करने में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
ई-पॉस आधारित प्रतिक्रिया प्रणाली का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान एकल चरण द्वार-स्थल वितरण व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित ‘उचित दर विक्रेता प्रतिक्रिया प्रणाली’ का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। नई प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और अधिकारियों तथा उचित दर विक्रेताओं के बीच समन्वय को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
समयबद्ध और निर्बाध राशन वितरण पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी उचित दर विक्रेताओं को शासन की मंशा के अनुरूप पात्र कार्डधारकों तक खाद्यान्न का निर्बाध, पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कोटेदारों ने जताई खुशी, सरकार का किया आभार
सैयदराजा में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद राशन विक्रेताओं ने लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि को स्वागत योग्य कदम बताया। कोटेदारों ने कहा कि लंबे समय से लाभांश में वृद्धि की अपेक्षा थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कहा कि इस निर्णय से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न की सुगम तथा पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित करने में और मदद मिलेगी।













