मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जवानों में खुशी, विधायक रमेश जायसवाल की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ वर्चुअल कार्यक्रम
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जिले के पीआरडी स्वयंसेवकों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये
मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की घोषणा करते हुए इसे 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही पीआरडी जवानों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा वर्दी भत्ता वितरण का शुभारंभ किया गया।
योजना के अंतर्गत चंदौली जनपद के पीआरडी जवान साकिर अंसारी को मुख्यमंत्री के हाथों कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम परवर पश्चिम में 22.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला बैरक के निर्माण की भी जानकारी दी गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में 150 जवान वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े
राज्य स्तरीय कार्यक्रम से चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में लगभग 150 पीआरडी जवानों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उपायुक्त स्वतः रोजगार तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निष्ठा और अनुशासन से दायित्व निभाने का आह्वान
विधायक रमेश जायसवाल ने पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा प्रदान किए गए मान-सम्मान और सुविधाओं को अपनी प्रेरणा बनाकर सभी जवान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान समाज की सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनकी सेवा प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विधायक ने सभी जवानों को बढ़े हुए भत्ते और नई सुविधाओं के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने किया मुख्य अतिथि का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं जिला युवा कल्याण अधिकारी ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया।
390 सक्रिय जवान पंजीकृत, 349 की विभिन्न विभागों में तैनाती
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 390 सक्रिय पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। जवानों की ड्यूटी विभागीय पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से लगाई जाती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में थानों, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग, कलेक्ट्रेट सुरक्षा, खनन विभाग, विकास भवन सहित विभिन्न विभागीय एवं गैर-विभागीय संस्थानों में कुल 349 पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है।
सीधे बैंक खातों में होता है मानदेय का भुगतान
जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी ने बताया कि जवानों के मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह प्राप्त मस्टररोल के आधार पर सीधे कोषागार के माध्यम से ई-भुगतान द्वारा उनके बैंक खातों में किया जाता है। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों और उपस्थित पीआरडी जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी जवानों को नई जिम्मेदारियों और सुविधाओं के साथ और अधिक निष्ठा, अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।













