परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। जनपद के सकलडीहा विकासखंड क्षेत्र के बथावर गांव निवासी रजनी कांत पांडेय का 19 नवंबर को जन्मदिवस है। पहलवानी की पारिवारिक विरासत, सामाजिक सहभागिता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। बचपन से ही कुश्ती और पहलवानी के शौकीन रजनी कांत अपने पूर्वजों की इस परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए हैं। उनके पिता की पहचान भी पहलवानी के क्षेत्र से रही है।

पिता की पहलवानी ने बनाई परिवार की अलग पहचान
रजनी कांत पांडेय के पिता स्वर्गीय श्याम वृक्ष पांडेय पहलवानी के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखते थे। उन्हें ‘अदालत पहलवान’ के नाम से भी जाना जाता था। कुश्ती-दंगल के साथ वह जोड़ी और गदा के भी कुशल पहलवान थे। बताया जाता है कि उन्होंने ढाई मन का गदा एक हाथ से फेर दिया था। उनकी पहलवानी की यही उपलब्धि आज भी परिवार और गांव के लिए गौरव की निशानी बनी हुई है।

उनके निधन के बाद पुण्यतिथि पर गांव स्थित व्यायामशाला में उनकी स्मृति और पहलवानी की विरासत से जुड़े गदा को श्रद्धापूर्वक रख कर उसकी पूजा-अर्चना की गई। स्वर्गीय श्याम वृक्ष पांडेय ने अपनी पहलवानी के दम पर रेलवे में नौकरी भी प्राप्त की थी। उनकी उपलब्धियां आज भी गांव और परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय
रजनी कांत पांडेय ने वर्ष 2011 में समाचार पत्र ‘ हिंदी दैनिक आज’ से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद ‘हिंदी दैनिक तरुण मित्र’ समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘दैनिक अयोध्या टाइम्स’ और डिजिटल समाचार माध्यम ‘परिवर्तन टुडे’ के माध्यम से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और आमजन की आवाज को प्रमुखता देना उनकी पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में भी निभाई जिम्मेदारी
पत्रकारिता के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता रही है। वर्ष 2015 से 2020 तक उन्होंने अपने गांव बथावर से क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला।
निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित का संकल्प
19 नवंबर को अपने जन्मदिवस के अवसर पर रजनी कांत पांडेय अपने पूर्वजों और स्वर्गीय माता-पिता को नमन करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और मजबूती से निभाने का संकल्प दोहराते हैं। उनका मानना है कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है।
उनका कहना है कि जब तक उनके हाथों में कलम रहेगी, तब तक सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे। उनके लिए लोगों का विश्वास, स्नेह और समाज के हित में कुछ कर पाने का अवसर ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।





