परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। भारतीय युवा शक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में बुधवार को दिव्यांगजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
बिजली बिल माफी से लेकर आवास तक की मांग
ज्ञापन के माध्यम से दिव्यांगजनों ने मांग की कि जिन दिव्यांगजनों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं, उन्हें तत्काल दोबारा जोड़ा जाए तथा उनके बिजली बिल माफ किए जाएं। इसके साथ ही अंत्योदय राशन कार्ड से वंचित पात्र दिव्यांगजनों के राशन कार्ड तत्काल जारी किए जाएं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास से वंचित पात्र दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी मांगों पर त्वरित एवं उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भारतीय युवा शक्ति मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।





