विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अभ्यर्थियों को मिला एक और अवसर, मूल अभिलेखों के साथ सुबह 10:30 बजे पहुंचना होगा
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड में आवेदन करने वाले, लेकिन किसी कारणवश साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सके अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थियों का पुनः साक्षात्कार 22 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र चंदौली परिसर में आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र चंदौली उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि योजना के अंतर्गत 31 अगस्त 2026 तक प्राप्त आवेदन-पत्रों में से जिन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किसी कारणवश छूट गया था, उनके लिए पुनः साक्षात्कार का अवसर निर्धारित किया गया है।
विभाग की ओर से संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान अपने आवश्यक मूल अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
दर्जी कारीगर होने का प्रमाण पत्र लाना जरूरी
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष अथवा नगर पालिका/नगर निगम के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा जारी परंपरागत रूप से दर्जी कारीगर होने के प्रमाण पत्र की मूल प्रति साथ लानी होगी। इसके साथ आधार कार्ड भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने मूल अभिलेखों के साथ साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित हों और प्रक्रिया में भाग लें।


