परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को चकिया तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास एवं भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से सात मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि पांच मामलों में जांच के लिए टीमें गठित की गईं। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल अभिलेखों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतों का वास्तविक समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भूमि विवाद के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने जमीनी विवाद से जुड़े मामलों में भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जे तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, जिससे विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ने से रोका जा सके।
बारिश के कारण जलभराव एवं जलनिकासी से जुड़ी शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया गया।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार क्षतिग्रस्त मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
लापरवाही और गलत रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बरती गई अथवा गलत आख्या प्रस्तुत की गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में ईशापुर कला स्थित सामुदायिक शौचालय के देखरेखकर्ता ने मानदेय का भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही के कारण भुगतान लंबित पाया गया। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने वर्तमान सचिव एवं ग्राम प्रधान को आवश्यक कार्रवाई करते हुए बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने थानों से संबंधित मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, नायब तहसीलदार सहित राजस्व, विकास, विद्युत एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


