औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य का लिया जायजा, मैनपावर और मशीनरी बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली।
चंदौली। जनपद में न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नवीन न्यायालय भवन का सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का गहन अवलोकन किया और कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को मैनपावर एवं मशीनरियों की संख्या तत्काल बढ़ाकर निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय परिसर के निर्माणाधीन विभिन्न खंडों, अदालती कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा आमजन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति, प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि नवीन न्यायालय भवन के निर्माण से अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, इसलिए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की सतत समीक्षा करने तथा कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि नवीन न्यायालय परिसर में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, प्रतीक्षालय तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परिसर में हरित वातावरण विकसित करने, व्यापक वृक्षारोपण कराने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



