परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर चौकी अंतर्गत सोनबरसा गांव में शनिवार की देर शाम एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

घर लौटे परिजनों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार सोनबरसा गांव निवासी रविंद्र निषाद का 32 वर्षीय पुत्र अवधेश निषाद शनिवार की शाम घर में था। उसकी पत्नी सावित्री रक्षाबंधन के दिन से मायके गई हुई है। बताया गया कि देर शाम अवधेश ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। रात में जब अन्य परिजन बाहर से लौटकर घर पहुंचे तो दरवाजा खोलने पर उसे फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
नाव बनाने और मछली पकड़ने का करता था काम
अवधेश नाव बनाने तथा मछली पकड़ने का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें प्रिमल आठ वर्ष, तृप्ति पांच वर्ष और विभान एक वर्ष का है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ग्रामीणों की सूचना पर मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी।
पहले भी ऐसी घटना का प्रयास करने की बात
मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने पूर्व में भी दो-तीन बार आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
घटना के बाद मृतक के पिता रविंद्र निषाद, माता मनोरमा देवी, पत्नी सावित्री सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।


