कटान प्रभावित क्षेत्रों का होगा विशेष सर्वेक्षण, राहत व्यवस्था और पशुधन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकासखंड नियामताबाद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली सहित तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और बाढ़ की स्थिति में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कटान की समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदियों से हो रहे कटान की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बंधी प्रखंड के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता की और कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर को विशेष जांच समिति गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने तथा रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भोजन, पेयजल और दवाओं की उपलब्धता रहे सुनिश्चित
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पशुधन की सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा उनके लिए चारे और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय और आरोग्य केंद्र की व्यवस्थाएं परखी
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में पठन-पाठन और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली।
वहीं, सामुदायिक शौचालय में अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी नियामताबाद और केयरटेकर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने शौचालय को तत्काल व्यवस्थित कर चालू कराने के निर्देश दिए।
मरीजों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक
जन आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपचार करा रही महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने चिकित्सकों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, खंड विकास अधिकारी नियामताबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


