हैल्पेज इंडिया और इंडियन एनर्जी एक्सचेंज की पहल, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। जिले के ग्राम मधुपुर में हैल्पेज इंडिया की ओर से इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) के सामाजिक उत्तरदायित्व सहयोग से निःशुल्क विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 750 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच
शिविर में स्त्री रोग, सामान्य चिकित्सा, हड्डी रोग और नेत्र रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ दृष्टि परीक्षण विशेषज्ञ ने ग्रामीणों की जांच की। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर में डॉ. राम चरण, डॉ. स्फूर्ति और डॉ. पोनगंग सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव दिए।
20 गांवों में पहुंच रही मोबाइल चिकित्सा सेवा
हैल्पेज इंडिया के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पंकज सिंह राठौर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गांव के नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और बीमारियों की समय पर पहचान, जांच तथा उपचार के लिए परामर्श देना है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलती हैं।
उन्होंने बताया कि हैल्पेज इंडिया पिछले एक वर्ष से इंडियन एनर्जी एक्सचेंज के सामाजिक उत्तरदायित्व सहयोग से मोबाइल चिकित्सा इकाई के माध्यम से चंदौली के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। वर्तमान में इस इकाई के जरिए 20 गांवों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त समय-समय पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
ग्राम प्रधान ने जताया आभार
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया। ग्राम प्रधान ओम प्रकाश राम ने शिविर के आयोजन के लिए हैल्पेज इंडिया और इंडियन एनर्जी एक्सचेंज के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गांव में इस तरह के शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को लाभ मिलता है और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होती है।
शिविर के सफल आयोजन में ग्राम की स्वयंसेविका, कैमुद्दीन, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश राम, पूर्व ग्राम प्रधान मुख्तार, वरिष्ठ पत्रकार शीतला सिंह, प्रदीप यादव, विवेक कुमार सिंह सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।
हैल्पेज इंडिया और इंडियन एनर्जी एक्सचेंज की यह संयुक्त पहल ग्रामीण एवं जरूरतमंद समुदायों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।








