‘विंग्स ओवर गंगा’ हवाई प्रदर्शन में रोमांचित हुए दर्शक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली। काशी के नमो घाट पर रविवार को भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ हवाई प्रदर्शन में लड़ाकू विमानों ने अपनी उड़ान और हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
गंगा के ऊपर विमानों ने दिखाए करतब
अपराह्न 12:30 बजे शुरू हुए हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के पायलटों ने आकाश में विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए। लड़ाकू विमानों की तेज उड़ान और उनके प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद रहे। विमानों की गर्जना के बीच दर्शकों ने तालियां बजाकर वायुसेना के पायलटों का उत्साह बढ़ाया। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय वायुसेना की हवाई क्षमता और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया गया।
कई प्रमुख हस्तियां रहीं उपस्थित
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित तथा मध्य वायु कमान के प्रमुख एयर मार्शल तरुण चौधरी सहित सैन्य और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
हवाई प्रदर्शन के दौरान दर्शकों की सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने चंदौली क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान डुमरी, सुजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा दर्शकों की सुविधा से जुड़े प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूरी सतर्कता बरती जाए।



