सकलडीहा में विशेष अभियान के दौरान नए मतदाताओं के लिए लिए गए आवेदन, छूटे नाम जोड़ने और दोहरे नाम हटाने के निर्देश
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पूर्व मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई। अभियान के दौरान लगभग एक हजार नए मतदाताओं के आवेदन प्रपत्र-6 के माध्यम से प्राप्त किए गए।
393 बूथों पर चला अभियान
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में कुल 393 मतदान केंद्र हैं, जहां 3,02,461 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,461 युवा मतदाता ऐसे हैं, जो पूर्व में ही मतदाता सूची में शामिल हो चुके हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत तीन दर्जन से अधिक पर्यवेक्षकों और पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एआरओ) को जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसडीएम ने बूथों पर पहुंचकर लिया जायजा
अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने सकलडीहा, ईटवा, नागेपुर और तेंदुईपुर स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएं। साथ ही दोहरे नामों और स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक संशोधन किया जाए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस दौरान प्रभारी तहसीलदार अनुराग सिंह, एआरओ विजय सिंह, जावेद अख्तर, सुरेंद्र प्रताप सहाय, गोपाल कृष्ण तिवारी, पर्यवेक्षक राजेश पासवान, आलोक पांडेय, चंदन यादव, प्रेमानंद मौर्य, राकेश सिंह यादव, अमरेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








