परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
Story By- नीरज अग्रहरि
कमालपुर। बेटियां बोझ नहीं, बल्कि परिवार की पहचान और भविष्य की उड़ान होती हैं। इस बात को पिपरी गांव निवासी ज्ञान ज्योति ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिखाया है। आर्थिक तंगी के बीच मजदूर पिता ने बेटी की पढ़ाई का सपना पूरा किया तो ज्ञान ज्योति ने भी कठिन परिस्थितियों से हार न मानते हुए मेहनत की और आज जौनपुर के सरकारी अस्पताल में टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन किया है। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
मजदूरी कर पिता ने बेटी के सपनों को दी उड़ान
चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी अशोक कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी ज्ञान ज्योति की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और त्याग के साथ ज्ञान ज्योति ने भी पढ़ाई के प्रति पूरी लगन दिखाई। विपरीत परिस्थितियों में भी उसने हिम्मत नहीं हारी और दिन-रात मेहनत कर अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाती रही।
ज्ञान ज्योति ने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई हरिद्वार इंटर कॉलेज, बभनियांव कमालपुर से पूरी की। इसके बाद अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर उसने टेक्नीशियन के क्षेत्र में सफलता हासिल की। अब जौनपुर के सरकारी अस्पताल में टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति मिलने से परिवार के साथ ही गांव के लोगों में भी खुशी है।
बेटी की सफलता पर पिता की आंखों में छलके खुशी के आंसू
बेटी की सफलता से भावुक पिता अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करने के साथ बेटी को पढ़ाने का प्रयास किया। आज जब बेटी अपने पैरों पर खड़ी होकर सरकारी अस्पताल में नौकरी प्राप्त कर चुकी है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता उनके संघर्ष और मेहनत का सबसे बड़ा फल है।
ज्ञान ज्योति की सफलता केवल उसके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उन तमाम परिवारों के लिए प्रेरणा है, जो आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी बेटियों को आगे बढ़ाने का सपना देखते हैं। उसकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी सफलता की सीढ़ी बनाया जा सकता है।
समाजसेवियों ने घर पहुंचकर दी बधाई
ज्ञान ज्योति की नियुक्ति की जानकारी मिलने पर समाजसेवी पूर्व जिला पंचायत सदस्य बन्धु राम तथा भाजपा नेता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य आलोक कुमार राय उसके घर पहुंचे। उन्होंने ज्ञान ज्योति का मुंह मीठा कराकर उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कुलदीप गौतम, सौरभ राय, संदीप कुमार गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


