पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह
परिवर्तन टूडे न्यूज, चन्दौली। वाराणसी एवं चन्दौली में आयोजित भव्य एयर शो के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स को विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।

अनुशासन और सेवाभाव से निभाई जिम्मेदारी
एयर शो जैसे बड़े आयोजन के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता का परिचय देते हुए व्यवस्था बनाए रखने तथा आयोजन के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता और समर्पण से आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिली। अधिकारियों ने उनके कार्यों को युवाओं में जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
पुलिस अधीक्षक ने की सराहना
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनका समर्पण अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
प्रशस्ति पत्र देकर किया उत्साहवर्धन
समारोह में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह, निष्ठा और अनुशासन के साथ समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।



