भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण, नारी शक्ति के सम्मान का दिया संदेश
परिवर्तन टूडे न्यूज
Story By- प्राची राय
वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी स्थित होटल अमाया में श्रद्धा और भक्ति के साथ माता की चौकी एवं कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। मां दुर्गा के जयकारों, भक्तिमय भजनों और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और विश्व शांति की कामना की।

विधि-विधान से हुआ कन्या पूजन
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की स्तुति और वंदना से हुआ। इसके बाद सनातन परंपरा के अनुसार विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन किया गया तथा उन्हें भोजन और प्रसाद अर्पित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने कन्याओं का आशीर्वाद लेकर मां दुर्गा से परिवार की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।

भक्तिमय भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कन्या पूजन के उपरांत माता की चौकी का आयोजन हुआ। इस दौरान गायकों ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है कन्या पूजन
महिला भूमिहार समाज की संस्थापिका डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि माता की चौकी और कन्या पूजन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी आस्था को मजबूत करने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और पारिवारिक संस्कारों को बढ़ावा देते हैं। कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान तथा बालिकाओं में देवी स्वरूप के दर्शन करने की सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वंदना सिंह, सोनी राय, चंद्रकला राय, प्रतिमा राय और पूनम सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर डॉ. मंजुला चौधरी, किरण सिंह, सीमा राय, वंदना राय, अनीता, विनीता राय, रश्मि, प्रिया, पुष्पा राय, सरिता राय, अनीता राय, कुसुम राय, सुमन राय, आशा राय, प्राची राय, बबिता, छाया राय, ऋतु राय, रिमझिम, नीलू सहित अनेक महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजलक्ष्मी राय ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



