48वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित, क्षेत्र में खुशी की लहर
परिवर्तन टुडे न्यूज़
चंदौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के 48वें दीक्षांत समारोह में चंदौली जनपद के बहेरी गांव निवासी मेधावी छात्र राज सिंह यादव ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए एमसीए में दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को आयोजित समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों तथा पूरे जनपद में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
शैक्षणिक उत्कृष्टता का मिला सर्वोच्च सम्मान
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 26 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें एमसीए के छात्र राज सिंह यादव को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दो स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाना समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। उपस्थित लोगों ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
किसान पुत्र ने मेहनत से रचा सफलता का इतिहास
राज सिंह यादव चंदौली जनपद के बहेरी गांव के निवासी हैं। उनके पिता प्रदीप यादव किसान हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हरिद्वार राय इंटर कॉलेज, कमालपुर से प्राप्त की। इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक अर्जित कर उन्होंने जनपद की मेधा सूची में शीर्ष 15 विद्यार्थियों में स्थान बनाया था। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से बीएससी, बीएड तथा एमसीए की शिक्षा पूरी की।
पढ़ाई के साथ सामाजिक सरोकारों में भी रहे सक्रिय
राज सिंह यादव ने छात्र जीवन में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि छात्र राजनीति एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का ही परिणाम है कि उन्हें विश्वविद्यालय के सर्वोच्च सम्मानों में शामिल दो स्वर्ण पदक प्राप्त हुए।
जनपद का बढ़ाया मान, बधाइयों का लगा तांता
राज सिंह यादव की इस उपलब्धि पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद त्यागी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’, हरिद्वार राय इंटर कॉलेज, बभनियांव-कमालपुर के प्रधानाचार्य डॉ. रामप्रताप राय, सनातन इंटर कॉलेज, वाराणसी के प्रधानाचार्य डॉ. हरेंद्र कुमार राय, प्रधान जगमेंद्र यादव, विपिन यादव उर्फ विक्कू सहित अनेक शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्रवासियों ने इसे चंदौली के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।



