विधिक जागरूकता शिविर में निःशुल्क कानूनी सहायता की भी दी जानकारी
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
मुगलसराय। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली द्वारा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान का प्रथम चरण 25 सितंबर से एक अक्टूबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण दो अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।
केंद्रीय विद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता शिविर
इसी क्रम में बुधवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मुगलसराय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) चंदौली इशरत परवीन फारूकी तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी द्वितीय ईशा राय उपस्थित रहीं।
पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की दी जानकारी
शिविर में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के विभिन्न प्रावधानों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। महिला एवं बाल अधिकारों की सुरक्षा, बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों से बचाव तथा ऐसे मामलों में उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
शिक्षकों और कर्मचारियों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मुगलसराय के प्रधानाचार्य विनोद सिंह, उपप्रधानाचार्य क्षमा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। शिविर के आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


