
परिवर्तन टुडे चन्दौली
Story By- मनोज कुमार मिश्रा
चहनियां। चन्दौली वाया सैदपुर हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चकई पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दंपती समेत तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कार की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सैदपुर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार एक राजकीय कर्मचारी की थी। चकई पेट्रोल पंप के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। तारा देवी और उनके पति राजकुमार विश्वकर्मा पूरा सोनहुला के दोनों हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। वही गोकुल विश्वकर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर मारने के बाद चालक और वाहन स्वामी के व्यवहार ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।



