परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो दोनों युवकों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चा बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतकों की पहचान खोर गांव निवासी अंजित गुप्ता (34) पुत्र मिठाई लाल गुप्ता तथा दीपक विश्वकर्मा (28) पुत्र बब्बन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि अंजित गुप्ता उर्फ गब्बर अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को दवा दिलाकर दीपक विश्वकर्मा के साथ बाइक से कमालपुर की ओर से आ रहे थे।
पिकअप की टक्कर से सड़क पर गिरे दोनों युवक
गौसपुर गांव के समीप पहुंचते ही एक पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक भी सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो संख्या यूपी 32 एचए 5005 दोनों युवकों को कुचलते हुए आगे निकल गई। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
डेढ़ वर्षीय मासूम सुरक्षित, गांव में पसरा मातम
हादसे में बाइक पर सवार डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हादसे की गंभीरता के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
एक ही गांव के दो युवकों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही खोर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।



