परिवर्तन टुडे न्यूज चन्दौली
धानापुर। थाना क्षेत्र के रमरजाय चट्टी पर रविवार की शाम पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हो गया। पहले गाली-गलौज हुई, फिर लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने असलहे से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस के साथ सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद डबरिया गांव निवासी अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह तथा धीना थाना क्षेत्र के महुरा गांव निवासी कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह के बीच ब्याज पर दिए गए पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसके बाद एक व्यक्ति ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक व्यक्ति को असलहे की मुठिया से हमला करते हुए देखा गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि रमरजाय चट्टी के पास दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। जांच के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट में घायल कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।


