सरेसर गांव के पास हुआ हादसा, छोटे भाई को मुगलसराय स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था मृतक
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम सड़क पर अचानक छुट्टा पशु आ जाने से बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 46 वर्षीय राकेश उर्फ लल्लू राम की मौत हो गई, जबकि उनका साथी लालजी उर्फ वंशराज गंभीर रूप से घायल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

भाई को स्टेशन छोड़कर लौट रहा था घर
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बढ़वलडीहा-टिकरवा गांव निवासी शिवपूजन राम के पुत्र राकेश उर्फ लल्लू शुक्रवार की देर शाम अपने छोटे भाई संत कुमार को मुगलसराय रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसके बाद वह अपने गांव के साथी लालजी उर्फ वंशराज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
अचानक सड़क पर आ गया छुट्टा पशु
दोनों बाइक सवार जैसे ही अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप पहुंचे, तभी अचानक एक छुट्टा पशु सड़क पर आ गया। पशु से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
उपचार के दौरान राकेश ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान राकेश उर्फ लल्लू की मौत हो गई। वहीं लालजी उर्फ वंशराज का उपचार चल रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। मृतक के पिता शिवपूजन राम सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश के निधन से परिवार के बच्चों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शव घर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह ने बताया कि सड़क पार कर रहे छुट्टा पशु की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। आवश्यक कार्रवाई की गई है।


