हजारों एकड़ फसल जलमग्न, किसानों की समस्या को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। बीते दिनों हुई भारी वर्षा के बाद सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में जल निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। खेतों में पानी भरने से किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है। गांवों से लेकर मुख्य मार्गों तक जलभराव होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
शनिवार को किसानों की समस्याओं को लेकर सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद विधायक ने सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम आकांक्षा सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जल निकासी और फसल नुकसान की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो तहसील पर होगा धरना
विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया तो हजारों किसानों के साथ तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार जलभराव के कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और प्रशासन को किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। साथ ही लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बंद रेगुलेटर खोलने और ड्रेनों की सफाई की मांग
विधायक ने पिपरी और पचखरी गांवों में बंद रेगुलेटरों को तत्काल खुलवाने की मांग की, ताकि खेतों और गांवों में जमा पानी की निकासी हो सके। उन्होंने धूस नोनार, रायल ताल, कटियारी, चंदा, बसिला, शिवपुर, बाणगंगा, खोनुपुर, सुरतापुर, लेहरा और मनिहरा सहित विभिन्न ड्रेनों की साफ-सफाई कराने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि ड्रेनों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण वर्षा का पानी खेतों में जमा हो रहा है और किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। बंधों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की भी मांग की गई।
पुलिया निर्माण और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग
विधायक ने धूस नोनार और बसिला ड्रेन पर ह्यूम पाइप की पुलिया के स्थान पर आरसीसी पुलिया का निर्माण कराने की मांग रखी। चंदा ड्रेन की तत्काल सफाई कराने के साथ डाकघर के समीप भूमिगत पुलिया को खुलवाने की भी मांग की।
उन्होंने पुलिया पर अवैध रूप से निर्मित मकानों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सम्मे माता मंदिर और इंटर कॉलेज मार्ग पर अवैध प्लाटिंग कर नाला एवं बाहा पाटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
अधूरे नाले का निर्माण पूरा कराने की मांग
विधायक ने लोक निर्माण विभाग द्वारा तहसील मुख्यालय के समीप लगभग तीन सौ मीटर अधूरे नाले का निर्माण तत्काल पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण अधूरा होने के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बारिश के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फसल और मकान क्षति का तत्काल मुआवजा मांगा
विधायक ने बारिश के दौरान गिरे मकानों और जलभराव से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, लक्ष्मण पासवान, अनिल चौहान, सिंटू यादव, सुरेंद्र यादव, धनंजय, संजय सोनकर, प्रभात यादव, अरविंद, चंदन, मुन्ना चौहान, मुन्नी लाल यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।


