परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। लंबे अरसे से जर्जर पड़े सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर शुक्रवार को कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से तिराहे पर लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते सकलडीहा-चहनिया मार्ग से लेकर सकलडीहा-अलीनगर मार्ग तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम को हटवाया। इसके बाद आवागमन सुचारु होने पर राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
लंबे समय से जर्जर था मार्ग
सकलडीहा-अलीनगर तिराहे की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। कई राहगीरों के घायल होने के बाद ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी किया था। ग्रामीणों की मांग और लगातार शिकायतों के बाद कार्यदायी संस्था की ओर से शुक्रवार की सुबह सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
मरम्मत कार्य के चलते तिराहे पर वाहनों का आवागमन बाधित हुआ और देखते ही देखते लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित कराने में जुट गई। सुबह से शाम तक पुलिसकर्मी तिराहे पर तैनात रहे, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनी रहे और राहगीरों को परेशानी न हो।
इस संबंध में कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सकलडीहा-अलीनगर तिराहे का मार्ग जर्जर होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। मार्ग की स्थिति से कार्यदायी संस्था को अवगत कराया गया था। शुक्रवार को मरम्मत कार्य शुरू होने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित कर दिया।


