परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने महात्मा गांधी एवं ‘जय जवान, जय किसान’ के प्रणेता लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में संगोष्ठी आयोजित कर दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों को याद किया गया।

सत्य, अहिंसा और सादगी को जीवन में उतारने का संदेश
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि आज भी समाज और प्रशासन के लिए मार्गदर्शक है। सत्य, अहिंसा और सादगी के जिन सिद्धांतों के बल पर बापू ने देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी, उनकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से गांधीजी के विचारों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सत्य और अहिंसा केवल कहने तक सीमित न रहें, बल्कि दैनिक व्यवहार और कार्यप्रणाली में भी दिखाई दें। प्रशासनिक सेवाओं में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखना ही महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
स्वच्छता को बनाया जाए जनभागीदारी का अभियान
जिलाधिकारी ने गांधीजी के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
उन्होंने गांधीजी के ‘अंत्योदय’ के विचार को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाकर ही जनकल्याण की भावना को साकार किया जा सकता है।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गूंजे बापू के प्रिय भजन
माल्यार्पण एवं संगोष्ठी के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो तेणे कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ का गायन एवं लघु फिल्म के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्रद्धापूर्वक बापू के विचारों को स्मरण किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, उप जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गांधी जयंती के अवसर पर जनपद की तहसीलों, विकास खंडों एवं शिक्षण संस्थानों में भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके विचारों और आदर्शों पर आधारित गोष्ठियों का आयोजन किया गया।


