85 प्रार्थना-पत्रों में आठ का मौके पर निस्तारण, शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा तहसील सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में किसानों की समस्याएं प्रमुखता से छाई रहीं। किसानों ने नहरों में पानी नहीं आने, टेल तक सिंचाई व्यवस्था बहाल कराने तथा लंबे समय से बंद पड़े राजकीय नलकूपों को चालू कराने की मांग उठाई। समाधान दिवस में कुल 85 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेजा गया।
किसानों को समय पर खाद, पानी और बीज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता : राजेश कुमार
अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर खाद, बीज एवं सिंचाई की समुचित व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नहरों के माध्यम से अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से बंद पड़े राजकीय नलकूपों को शीघ्र चालू कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें : आकांक्षा सिंह
उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों एवं आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा राजस्व एवं सिंचाई से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
वरासत और अंश निर्धारण के मामलों में भी नहीं होगी देरी
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी ने वरासत, अंश निर्धारण तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, नायब तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद, नायब तहसीलदार दिनेश शुक्ला, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह, उपखंड अधिकारी (विद्युत) सियाराम यादव, सहायक विकास अधिकारी राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



