परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रमाण-पत्र वितरण एवं मेधावी सम्मान समारोह बुधवार को विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय, दीनदयाल उपाध्याय नगर में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल रहे।

सकलडीहा पीजी कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान
समारोह में सकलडीहा पीजी कॉलेज के तीन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय के कुशल नेतृत्व में बी.एड. प्रथम वर्ष के शिव आनंद मिश्रा, अंशु यादव एवं शशि भूषण सिंह ने सम्मान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा।
कार्यक्रम में जनपद नोडल अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय, चंदौली की प्राचार्य प्रो. सुकृति मिश्रा की भी विशेष उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल ने सम्मानित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के साथ विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दी बधाई
सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य प्रदीप पांडेय का भी हुआ सम्मान
समारोह के दौरान सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय को भी महाविद्यालय प्रबंधक मनोज यादव द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धि और प्राचार्य के सम्मान से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।


