परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को सकलडीहा इंटर कॉलेज मे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेटों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर कैडेटों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष किए। यात्रा के दौरान कैडेटों ने किसी भी परिस्थिति में तिरंगे की आन, बान और शान को कायम रखने का संकल्प लिया।
देशभक्ति के नारों से गूंजा सकलडीहा
तिरंगा यात्रा में शामिल एनसीसी कैडेट पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ आगे बढ़े। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया। कैडेटों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक किया।
तिरंगा हमारी स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव की पहचान : कैप्टन सत्य मूर्ति ओझा
इस अवसर पर कैप्टन सत्य मूर्ति ओझा ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर की ओर से देशभर में वृहद स्तर पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। तिरंगा हमारे राष्ट्रीय पर्व, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव की पहचान है। इसकी आन-बान-शान की रक्षा के लिए यदि आवश्यकता पड़ी तो हम अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत माता को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए हजारों-लाखों देशवासियों ने अपने प्राण न्योछावर किए। अनेक माताओं ने अपने पुत्र खोए और कितनी ही माताओं की मांग का सिंदूर मिट गया। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। ऐसे आयोजन नागरिकों में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करते हैं।
राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से एनसीसी कैडेटों ने युवाओं और आम नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। यात्रा में कैडेटों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति की भावना और अनुशासन का विशेष रूप से पालन किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार मिलन, सुनील कुमार, रौनक पाण्डेय, प्रियंका, अंकित, अंजली सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।



