परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को सकलडीहा ब्लॉक मुख्यालय से पंचायत कर्मियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। वाहन और पैदल निकाली गई इस यात्रा के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।

हर घर तिरंगा लगाने का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा में ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी और पंचायत कर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। उन्होंने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील की गई।
शहीदों के बलिदान को किया याद
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत को स्वतंत्र कराने के लिए हजारों-लाखों देशवासियों ने अपने प्राण न्योछावर किए। अनेक माताओं ने अपने पुत्र खोए और कितनी ही माताओं की मांग का सिंदूर मिट गया। ऐसे आयोजनों से नागरिकों में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावना मजबूत होती है।
राष्ट्रध्वज के सम्मान का दिलाया संकल्प
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की आन-बान-शान को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, सचिव पवन दूबे, अरविंद गौतम, रजनीश यादव, विनय कुमार, संजय यादव, मिथिलेश, सतीश यादव, मनीष सिंह, लल्लन राय, शिव कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पंचायत कर्मी मौजूद रहे।




