परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
Story By- राहुल गिरी
धानापुर। विकास खंड अंतर्गत नरौली सिकरिया घाट वार्ड नंबर तीन में गंगा नदी के पावन तट पर छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सोमवार की सुबह व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान घाट पर भक्ति और लोक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गंगा तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
छठ महापर्व के अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे घाट पर पहुंचे। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य दिया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे पुलिसकर्मी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे, ताकि महापर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। उनके सहयोग से पूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
सेवा भाव से चाय वितरण कर पेश की मिसाल
महापर्व के दौरान घाट पर जगह-जगह चाय के स्टॉल लगाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं को चाय उपलब्ध कराकर लोगों ने सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की। आयोजन से जुड़े लोगों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।
नरौली सिकरिया घाट पर छठ महापर्व का आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सहयोग का प्रतीक बना। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और भक्तिभाव का वातावरण बना रहा।





