परिवर्तन टुडे चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के चार गांवों के सिवान में अचानक आग लगने से एक दर्जन से अधिक किसानों का चालीस से पचास बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी होने पर किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों ने आनन – फानन में लाठी डंडे और पानी फेककर आग पर काबू पाया। मौके पर एसडीएम कुंदन राज कपूर के निर्देश पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने राजस्व टीम के साथ जले हुए फसलों का मुआयना किया।

बथावर गांव में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक खेत में आग लग गई। तेज धूप और हवा के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और बथावर से फैलकर दरियापुर, घरचित और ताजपुर गांवों के खेतों तक पहुंच गई। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। आग लगने से दरियापुर कोटेदार पुष्पा देवी, शिरी यादव, शोभू यादव, बीरेंद्र यादव, रामकृत यादव, कैलाश पासवान, छांगुर पासवान सहित दर्जनों से ज्यादा किसानों की लगभग चालीस से पचास बीघा गेहूं की खड़ी फसल नष्ट हो गई।
ताजपुर के किसान गणेश सिंह ने बताया कि यह फसल कर्ज लेकर तैयार की गई थी। कटाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन आग लगने से सब कुछ बर्बाद हो गया। किसानों ने अपनी फसल पर बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्चों का दारोमदार बताया।
घटना की सूचना पर एसडीएम कुंदन राज कपूर के निर्देश पर नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।


