परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। पवित्र सावन माह के अवसर पर रविवार को गायत्री चेतना केंद्र सकलडीहा में साप्ताहिक यज्ञ का दिव्य एवं भव्य आध्यात्मिक आयोजन वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य यजमान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी संस्थापक- प्रबंधक, डैडीज इंटरनेशनल आवासीय विद्यालय चंदौली रहे।
तिलक-चंदन व पुष्पगुच्छ से हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के गायत्री चेतना केंद्र पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर तिलक-चंदन, पुष्प एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात देव पूजन एवं देव आवाहन के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार तथा शास्त्रोक्त परंपरा के अनुरूप विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया गया। सावन माह की विशेष आध्यात्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न देव शक्तियों को गायत्री मंत्र के साथ श्रद्धापूर्वक आहुतियां समर्पित की गईं।

गायत्री साहित्य, अक्षय कलश एवं श्रीफल का पौधा भेंट कर किया सम्मानित
यज्ञ के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का साहित्य, अक्षय कलश एवं श्रीफल का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गायत्री परिवार के परिजनों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मां गायत्री की कृपा से यहां आने का अवसर मिला : डॉ. तिवारी
अपने संबोधन में डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि कहीं भी जाना ईश्वर की इच्छा के अनुरूप ही होता है। यदि आज उन्हें यहां आने का अवसर मिला है तो इसमें कोई दो राय नहीं कि यह मां गायत्री की कृपा है। उन्होंने कहा कि गायत्री चेतना केंद्र पर बिताया प्रत्येक क्षण उन्हें आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति से भर रहा है।
डॉ. तिवारी ने अपने दक्षिण भारत भ्रमण एवं निवेश से जुड़े विभिन्न अनुभव भी उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने भविष्य में भी गायत्री चेतना केंद्र से जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त करते हुए आध्यात्मिक गतिविधियों में निरंतर सहयोग की बात कही।
गायत्री परिवार के परिजनों के लिए अयोध्या दर्शन की निःशुल्क बस सेवा की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने उपस्थित गायत्री परिजनों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पिछले लगभग 18 महीनों से उनके निजी व्यय से प्रत्येक माह एक बस अयोध्या दर्शन के लिए जाती है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब गायत्री परिवार के परिजनों के लिए भी अयोध्या दर्शन हेतु बस की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के सदस्य अपनी सुविधानुसार तिथि निर्धारित करें। अयोध्या दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का शुल्क अथवा यात्रा व्यय नहीं देना होगा। बस के माध्यम से गायत्री परिवार के परिजन अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकेंगे।
घोषणा पर गूंज उठा गायत्री चेतना केंद्र परिसर
डॉ. तिवारी की इस घोषणा के साथ ही उपस्थित गायत्री परिजनों ने करतल ध्वनि एवं जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। घोषणा से पूरे परिसर में श्रद्धा, उत्साह और आनंद का वातावरण बन गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी बताया।
बड़ी संख्या में पहुंचे गायत्री परिजन व श्रद्धालु
कार्यक्रम में दूर-दराज से आए गायत्री परिजन, श्रद्धालु एवं भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यज्ञ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से स्वल्पाहार ग्रहण किया। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई और सभी परिजन अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
अयोध्या दर्शन की घोषणा से श्रद्धालुओं में नई उमंग
सावन की पावन बेला में आयोजित यह साप्ताहिक यज्ञ श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। वहीं, गायत्री परिवार के परिजनों के लिए अयोध्या दर्शन की निःशुल्क बस सेवा की घोषणा ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच नई उमंग और उत्साह का संचार कर दिया।













