परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार 22 नवंबर से जनपद में पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। अभियान के अंतर्गत शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 3,07,678 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य, बाल विकास एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

976 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। रविवार को बूथ दिवस के अवसर पर जनपद भर में कुल 976 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त यात्रा करने वाले बच्चों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए 38 पारगमन दल तथा 18 चलित दल तैनात किए गए हैं।
बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की 616 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस दौरान बूथ पर दवा पीने से छूट गए बच्चों को चिह्नित कर उन्हें अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा पीने से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
अभियान की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दवाओं के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था, शीत श्रृंखला, पोलियो रोधी दवा की उपलब्धता और स्वास्थ्य दलों की तैनाती की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभिभावकों से बच्चों को दवा पिलाने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को रविवार को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो रोधी दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाना जरूरी है। जनसहभागिता से ही इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सकता है।



